रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, अमेरिका के प्रेसिडेंट जो बाइडन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की।
- फोटो : Social Media
पोलैंड में कथित मिसाइल हमले में हुई दो लोगों की मौत पर अमेरिका से लेकर नाटो तक की प्रतिक्रिया आ चुकी है। जहां शुरुआत में पोलैंड में ब्लास्ट को लेकर रूस पर आरोप लगाए जा रहे थे, वहीं बाद में आशंका जताई गई कि पोलैंड में गिरी मिसाइलें यूक्रेन के मिसाइल डिफेंस सिस्टम की हैं, जो कि रूस की मिसाइलों से बचाव करते वक्त पोलैंड में गिर गईं। खुद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा था कि ऐसा नहीं लगता कि पोलैंड पर हमला रूस की तरफ से किया गया। इसे लेकर अब रूस के रक्षा मंत्रालय की तरफ से बयान जारी किया गया है। उसकी तरफ से अमेरिका के धैर्य की तारीफ की गई है।
इस बीच नाटो गठबंधन के प्रमुख जेंस स्टोलेनबर्ग ने कहा है कि फिलहाल यह संकेत नहीं मिलते कि पोलैंड पर यह हमला जानबूझकर हुआ था। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और हम इसके नतीजे का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच के मुताबिक, यह घटना यूक्रेन की एयर डिफेंस मिसाइल की वजह से ही हुई।