लेबनान के बेरुत में शुक्रवार को हुए इस्राइली हवाई हमले में हिजबुल्ला प्रमुख हसन नसरल्ला मारा जा चुका है। आतंकी संगठन हिजबुल्ला भी इसकी पुष्टि कर चुका है। नसरल्ला की मौत के बाद अब वैश्विक नेताओं की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने जहां हिजबुल्ला नेता की हत्या को इस्राइल के युद्ध लक्ष्यों को हासिल करने के लिए एक आवश्यक शर्त बताया है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी नसरल्ला की मौत पर बयान जारी किया है।
इस्राइली हवाई हमले में हिजबुल्ला प्रमुख हसन नसरल्ला के मारे जाने की सुगबुगाहट उसी वक्त शुरू हो गई थी, जब ये जानकारी सामने आई थी कि इस्राइली सेना ने हिजबुल्ला के मुख्यालय को निशाना बनाया है। हमले के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी अपना अमेरिका दौरा बीच में छोड़कर इस्राइल के लिए रवाना हो गए थे। उसके बाद से ही हिजबुल्ला के शीर्ष नेता के मारे जाने के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, अब इस्राइली सेना और खुद हिजबुल्ला भी हसन नसरल्ला के मारे जाने की पुष्टि कर चुके हैं।
हसन के मारे जाने की पुष्टि के बाद इस्राइली पीएम नेतन्याहू का कहना है कि हिजबुल्ला नेता की हत्या इस्राइल के लिए अपने युद्ध लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए एक आवश्यक शर्त बन गई है।
नसरल्ला की मौत पर बाइडन का बयान
हिजबुल्ला नेता नसरल्ला की मौत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की प्रतिक्रिया सामने आई है। जो बाइडन ने कहा कि, इस्राइल को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है। नसरल्लाह चार दशकों से आतंक फैला रहा था। उसकी मौत से सैकड़ों लोगों को न्याय मिला है। बाइडन ने जारी बयान में कहा, 'हसन नसरल्ला और उसके नेतृत्व वाला आतंकवादी समूह हिजबुल्ला, चार दशक के आतंक के शासनकाल में सैकड़ों अमेरिकियों की हत्या के लिए जिम्मेदार था। इस्राइली हवाई हमले में उसकी मौत हजारों अमेरिकी, इस्राइली और लेबनानी पीड़ितों के लिए न्याय का उपाय है। जिस हमले में नसरल्ला की मौत हुई, वह सात अक्तूबर 2023 को हमास नरसंहार के साथ शुरू हुए संघर्ष के व्यापक संदर्भ में हुआ था।'
'इस्राइली नागरिकों को धमकाने वालों को ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा'
शीर्ष हिजबुल्ला नेता हसन नसरल्ला की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत में इस्राइली दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि, इस्राइली नागरिकों को धमकाने वालों को ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, कुछ घंटे पहले इस्राइली रक्षा बल ने हसन नसरल्ला के खात्मे की पुष्टि की है। उसके साथ मारे जाने वालों में अली कराकी और हिजबुल्ला के कई अन्य उच्च पदस्थ अधिकारी भी शामिल हैं। उनके हाथों में बहुत खून था। यह आईडीएफ के टूलबॉक्स में आखिरी हथियार नहीं है।
इस्राइली दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि इस्राइली नागरिकों को धमकाने वालों को ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा, चाहे वह पास हों या दूर। जिस तरह हम इस सटीक हमले के लिए तैयार हैं, उसी तरह हम कई अन्य परिदृश्यों के लिए भी तैयार हैं।