ह्यूस्टन में ऐतिहासिक 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 74वें सत्र को संबोधित करने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे। वे यहां यूएनजीए के वार्षिक सत्र को 27 सितंबर को संबोधित करेंगे। इस बीच करीब एक सप्ताह के न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान उनका कई द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों का कार्यक्रम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘ब्लूमबर्ग ग्लोबल बिजनेस समिट’ में अहम वक्ता होंगे। सूत्रों के अनुसार मोदी के संबोधन के बाद भारतीय नेता का प्रश्नोत्तर सत्र भी होगा। ब्लूमबर्ग एलपी और ब्लूमबर्ग फिलेन्थ्रॉपीज के संस्थापक माइकल ब्लूमबर्ग इसका संचालन करेंगे। इसमें करीब 112 राष्ट्राध्यक्ष, करीब 48 शासनाध्यक्ष और 30 से अधिक विदेश मंत्री संबोधित करेंगे।
संयुक्त राष्ट्र जनरल एसेंबली के 74वें सत्र में गरीबी, कुपोषण, स्वास्थ्य, जलवायु और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर वैश्विक चर्चा होगी। इसमें प्रधानमंत्री मोदी समस्याओं से लड़ने में भारत की कोशिशों को सबके सामने रखेंगे। कुछ दिन पहले एक प्रेस वार्ता में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने इसका संकेत दिया था।