प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और ब्राजील की शून्य सहिष्णुता और शून्य दोहरा मापदंड की सोच समान है। भारत और ब्राजील दोनों आतंकवाद और इसका समर्थन करने वालों का कड़ा विरोध करते हैं। प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान और उसके सदाबहार मित्र चीन का परोक्ष संदर्भ देते हुए कहा कि आतंकवाद पर दोहरे मापदंड के लिए कोई जगह नहीं है।
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद पीएम मोदी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा, 'आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारी सोच एक जैसी है- शून्य सहिष्णुता और शून्य दोहरा मापदंड।' पीएम मोदी ने किसी देश का नाम लिए बिना कहा कि भारत और ब्राजील आतंकवाद और इसका समर्थन करने वालों का कड़ा विरोध करते हैं। अतीत में भारत ने पाकिस्तान को 'आतंकवाद का वैश्विक केंद्र' बताया है। पीएम मोदी ने चीन का परोक्ष संदर्भ देते हुए कहा, 'आतंकवाद पर दोहरे मानदंडों के लिए कोई स्थान नहीं है।' पीएम ने अप्रैल में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद राष्ट्रपति लूला की एकजुटता और समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें: PM Modi Brazil Visit LIVE: पीएम मोदी को ब्राजील का सर्वोच्च सम्मान, 'नेशनल ऑर्डर ऑफ सदर्न क्रॉस' से नवाजे गए
पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा भारत-ब्राजील की मुख्य प्राथमिकताएं
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि भारत और ब्राजील ने हर क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की है। दोनों नेताओं की यह बैठक मंगलवार को यहां अल्वोराडा पैलेस में हुई। पीएम मोदी ने कहा कि हमने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर (1.70 लाख करोड़ रुपये) तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा भारत और ब्राजील की मुख्य प्राथमिकताएं हैं।
भारत-ब्राजील के बीच रक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ा
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और ब्राजील के बीच रक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच यह बढ़ता सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज, जब विश्व तनाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है, भारत और ब्राजील की साझेदारी स्थिरता और संतुलन का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने यह भी कहा कि हम इस बात पर एकमत हैं कि सभी विवादों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए होना चाहिए।
बैठक के दौरान इन क्षेत्रों को लेकर हुई व्यापक चर्चा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वास्थ्य और फार्मास्यूटिकल्स, अंतरिक्ष, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के विकास, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों सहित बहुआयामी संबंधों पर व्यापक चर्चा की। साथ ही महत्वपूर्ण खनिजों, नई और उभरती प्रौद्योगिकियों, एआई और सुपरकंप्यूटर, डिजिटल सहयोग और गतिशीलता के नए क्षेत्रों में सहयोग के लिए रास्ते तलाशे। उन्होंने कहा कि दोनों ने अगले पांच वर्षों में 20 बिलियन अमरीकी डालर का द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य निर्धारित किया है। वार्ता के बाद, दोनों पक्षों ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
ये भी पढ़ें: Nepal: नेपाल और चीन को जोड़ने वाला पुल बाढ़ में बहा, छह चीनी नागरिकों सहित 20 लोग लापता; 55 को बचाया गया
भारत के साथ व्यापार तीन गुना करने का लक्ष्य : लूला
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने कहा कि उनके देश का लक्ष्य भारत के साथ व्यापार प्रवाह को पिछले वर्ष के 12 अरब डॉलर से तीन गुना बढ़ाना है, हालांकि उन्होंने कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई। उन्होंने ने यह भी कहा कि ब्राजील की विमान निर्माता कंपनी एम्ब्रेयर भारत में अपनी उपस्थिति मजबूत करना चाहती है और वहां की कंपनियों के साथ साझेदारी करना चाहती है। भारत और दक्षिण अमेरिकी ब्लॉक मर्कोसुर के बीच तरजीही व्यापार समझौते का विस्तार करने से व्यापार को सीमित करने वाली टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने में मदद मिल सकती है।
पीएम का ब्रासीलिया में शिव तांडव के साथ स्वागत
17वें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम (स्थानीय समय) ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया पहुंचे। ब्राजील के रक्षा मंत्री जोस म्यूसियो ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने भारत माता की जय के नारों साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पीएम के स्वागत में संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। इस दौरान कुछ विदेशी कलाकारों ने शिव तांडव स्तोत्र भी प्रस्तुत किया। पीएम मोदी ने कलाकारों की सराहना की।
संबंधित वीडियो