प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंच गए हैं। ताशकंद पहुंचने पर पीएम मोदी का उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान भारत और उज्बेकिस्तान के बीच मजबूत होते संबंधों की झलक भी देखने को मिली। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह बैठक अहम मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में यांगी उज्बेकिस्तान पार्क पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव भी उनके साथ मौजूद रहे। यांगी उज्बेकिस्तान पार्क देश के प्रमुख और बड़े सार्वजनिक पार्कों में शामिल है। इसका उद्घाटन 31 अगस्त 2021 को उज्बेकिस्तान की स्वतंत्रता की 30वीं वर्षगांठ के मौके पर किया गया था।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव व्यापार एवं निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे। दोनों नेता इन क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति पर चर्चा करने के साथ-साथ आगे की दिशा और प्राथमिकताएं भी तय करेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और व्यापक एवं मजबूत बनाना है। दोनों पक्ष विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने और भविष्य के लिए साझा एजेंडा तय करने पर विचार करेंगे।
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi reaches Tashkent, Uzbekistan.
— ANI (@ANI) August 29, 2026
During the visit, the Prime Minister will hold delegation-level talks with President Mirziyoyev to further strengthen the strategic partnership between the two countries. The two leaders will review… pic.twitter.com/7itczpdbn6
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा के लिए रवाना होने से पहले उज्बेकिस्तान के कुछ युवा छात्रों का एक वीडियो साझा किया, जिसमें छात्रों ने हिंदी में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने छात्रों के उत्साह और हिंदी बोलने के अंदाज की सराहना करते हुए कहा कि यह देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई।
वीडियो में ताशकंद के कई छात्र बारी-बारी से प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते नजर आए। छात्रों ने भारत की संस्कृति के प्रति अपनी रुचि और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का भी जिक्र किया। एक छात्र ने हिंदी में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा, "आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, ताशकंद में आपका स्वागत है। मेरा नाम समंदर है। हम ताशकंद के विद्यार्थी हैं। हम आपके ताशकंद आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी जी, ताशकंद आपका इंतजार कर रहा है।" एक अन्य छात्र ने कहा कि ताशकंद की धरती प्रधानमंत्री मोदी के आने का इंतजार कर रही है। उसने कहा कि सभी छात्र इस मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं और प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार हैं।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि यह पीएम मोदी का उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा होगा। इससे पहले उन्होंने 2015 में उज्बेकिस्तान और पश्चिम एशिया के अन्य देशों का दौरा किया था और फिर 2016 और 2022 में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट में शामिल होने के लिए वहां गए थे।
पिछले कई वर्षों से भारत और उज्बेकिस्तान के बीच द्विपक्षीय और बहुपक्षीय दोनों स्तरों पर बड़े पैमाने पर और फायदेमंद संबंध रहे हैं। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति ने 2018 में भारत की राजकीय यात्रा की थी और वे 2019 में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में भी शामिल हुए थे। पीएम मोदी और मिर्जियोयेव की मुलाकात 2023 में दुबई में सीओपी28 के दौरान और 2024 में कजान में ब्रिक्स समिट के दौरान हुई थी। इन नेताओं की पिछली मुलाकात 2025 में चीन के तियानजिन में एससीओ समिट के दौरान हुई थी।