छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने थाईलैंड पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस से बातचीत कर सकते हैं। पिछले साल अगस्त में प्रधानमंत्री शेख हसीना को हटाए जाने के बाद यह उनकी पहली मुलाकात होगी। इसके अलावा वह नेपाल के प्रधानमंत्री ओली से भी मुलाकात कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बैंकॉक में बांग्लादेश, नेपाल और म्यांमार के नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। यह बैठक बिम्सटेक (बे ऑफ बंगाल इनीशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन) सम्मेलन के दौरान होगी। बिम्सटेक सम्मेलन 2018 के बाद पहली बार आमने-सामने हो रहा है, जहां भारत अपनी पड़ोसी कूटनीति (नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी) को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार से भेंट
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस से मिल सकते हैं। यह बैठक इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार जाने के बाद दोनों देशों के रिश्ते थोड़े कमजोर हुए हैं। भारत में यह भी चर्चा है कि यूनुस का बांग्लादेश की सरकार पर कितना प्रभाव है। बता दें कि, हाल ही में मोहम्मद यूनुस ने चीन का दौरा किया था, जहां उन्होंने भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र को लेकर कुछ बयान दिए, जिससे भारत असहज महसूस कर रहा है। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मार्च को बांग्लादेश के राष्ट्रीय दिवस पर मोहम्मद यूनुस को पत्र लिखकर भारत-बांग्लादेश की दोस्ती को मजबूत करने का संदेश दिया था।
नेपाल के पीएम से भी होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से भी मिल सकते हैं। नेपाल में इन दिनों राजशाही के समर्थन में कुछ प्रदर्शन हो रहे हैं, जिससे देश की राजनीति गरमाई हुई है।
म्यांमार के जनरल से मुलाकात
पीएम मोदी म्यांमार के सीनियर जनरल मिन आंग ह्लाइंग से भी मिल सकते हैं। यह बैठक इसलिए खास है क्योंकि म्यांमार हाल ही में विनाशकारी भूकंप से प्रभावित हुआ है और भारत ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत राहत और बचाव कार्यों में मदद कर रहा है। बता दें कि, म्यांमार में फरवरी 2021 से सैन्य शासन है और वहां गृहयुद्ध की स्थिति बनी हुई है।