कुवैत में अमीर शेख नवाफ अल अहमद अल सबा के निधन के बाद अब नए शासक शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा ने पद संभाला है। इसपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि विश्वास है कि आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे और कुवैत में भारतीय समुदाय का विकास जारी रहेगा।
पीएम ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म पर कहा, 'कुवैत में अमीर के रूप में कार्यभार संभालने के लिए महामहिम शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा को बधाई और शुभकामनाएं। विश्वास है कि आने वाले वर्षों में हमारे संबंध और मजबूत होंगे और कुवैत में भारतीय समुदाय आगे बढ़ता रहेगा,'।
बता दें कि शेख नवाफ अल अहमद अल सबा का शनिवार को निधन हो गया था। शाही अदालत के मुताबिक, शेख नवाफ का आज 86 की उम्र में निधन हुआ था। उनकी मौत की वजहों का खुलासा नहीं किया गया, लेकिन उन्हें पिछले महीने स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नवाफ को तीन साल पहले ही अमीर बनाया गया था।
शेख नवाफ का काम संभाल रहे थे शेख मेशाल
समाचार एजेंसी 'रॉयटर्स' के मुताबिक, उत्तराधिकारी की घोषणा उप प्रधान मंत्री और कैबिनेट मामलों के राज्य मंत्री इस्सा अल-कंदारी ने एक बयान में की है। क्राउन प्रिंस शेख मेशाल (83 वर्षीय) 2021 से कुवैत के वास्तविक शासक हैं। शेख नवाफ ने बीमार होने के कारण उनके अधिकांश कर्तव्यों का जिम्मा उन्हें सौंपा गया था।