कजाखस्तान के अक्तौ हवाई अड्डे के पास एक विमान हादसे का शिकार हो गया है। विमान में 62 यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। हादसे में अब तक 32 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि 30 लोगों से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। हालांकि, मृतकों की आधिकारिक संख्या अब तक सामने नहीं आई है, लेकिन हादसे का वीडियो देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हताहतों की संख्या काफी अधिक होगी।
विमान में कुछ लोग जीवित बचे
इससे पहले समाचार एजेंसी ने मध्य एशियाई देश के आपातकालीन मंत्रालय के हवाले से बताया कि विमान में कुछ लोग जीवित बचे हैं। आपातकालीन सेवाएं मौके पर मौजूद हैं। वहीं, कजाखस्तान की मीडिया ने स्वास्थ्य मंत्री अकमारल अलनाजारोवा के हवाले से बताया था कि एक बच्चे समेत 12 यात्रियों को जीवित बचा लिया गया है। हमने विशेषज्ञों, ट्रॉमेटोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन समेत तमाम बचाव दलों को मौके पर भेज दिया है। एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। हम मौके पर ही सहायता प्रदान करने की कोशिश कर रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।