पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को इमरान सरकार से 2014 के पेशावर स्कूल हमले पर न्यायिक आयोग की रिपोर्ट जल्द से सार्वजनिक करने को कहा। बता दें कि तालिबान आतंकवादियों ने 16 दिसंबर, 2014 को उत्तर-पश्चिमी शहर पेशावर में आर्मी पब्लिक स्कूल पर धावा बोलकर 131 छात्रों समेत कम से कम 150 लोगों की हत्या कर दी थी।
इस तरह से स्कूल में आतंकवादियों ने किया था प्रवेश
16 दिसंबर को स्थानीय समयानुसार करीब 10 बजे सात आतंकवादियों को पेशावर के आर्मी पब्लिक स्कूल की दीवार पर चढ़ते देखा गया था। सभी हमलावर विस्फोटकों से भरी जैकेट पहने हुए थे और उन्होंने दीवार फांदने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसके बाद विद्यार्थी और शिक्षक इमारत के अंदर भाग गए।
इसके बाद आतंकवादियों ने अंदर घुसकर विद्यार्थी और शिक्षकों की बम और गोली से बेरहमी से हत्या कर दी। बता दें कि कुछ महीने पहले इस हमले का मुख्य आरोपी एहसानुल्ला एहसान जेल से भाग गया था जिसे लेकर परिजन सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे और जवाब मांगने के साथ ही आरोप लगाया कि सरकार उन्हें न्याय दिलाने में विफल रही।