अमेरिका की स्पेस एजेंसी नासा ने मंगल ग्रह पर जीवन की खोज (मार्स मिशन) में फरवरी माह में पर्सिवरेंस नामक रोवर को लाल ग्रह पर भेजा था। इसके साथ ही नासा ने अपने छोटे से हेलीकॉप्टर इंजेन्यूइटी को भी भेजा था। बता दें, नासा लगातार इंजेन्यूइटी की अलग-अलग तस्वीरें और वीडियो साझा करती रहती है। इसी कड़ी में अब इस स्पेस एजेंसी ने मंगल ग्रह पर मंडरा रहे इंजेन्यूइटी हेलीकॉप्टर की आवाज के साथ एक वीडियो जारी किया है, जिसे पर्सिवरेंस रोवर ने रिकॉर्ड किया है।
मच्छर के भिनभिनाहट की तरह सुनाई पड़ रही आवाज
वीडियो में इंजेन्यूइटी की आवाज किसी मच्छर के भिनभिनाहट की तरह सुनाई दे रही है। ऐसा पहली बार हुआ है जब मंगल ग्रह पर पर्सिवरेंस रोवर ने इंजेन्यूइटी हेलीकॉप्टर की आवाज को कैद किया है।
नासा ने ट्विटर पर शेयर किया वीडियो
नासा ने करीब तीन मिनट का वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा, ‘मंगल ग्रह से नई आवाज: हमारे यानी नासा के पर्सिवरेंस रोवर ने इंजेन्यूइटी मार्स हेलीकॉप्टर से आने वाली बीट्स को पकड़ा है! यह पहली बार है कि किसी अन्य ग्रह पर एक स्पेसक्राफ्ट ने एक अलग स्पेसक्राफ्ट की आवाज को रिकॉर्ड किया।’ वीडियो में इंजीन्यूटी हेलीकॉप्टर को उड़ान भरते हुए देखा जा सकता है और घूमने के दौरान उसके पंखों (ब्लेड) की आवाज साफ सुनाई पड़ रही है।