- वायरस को लेकर दिखा हर कोई चिंतित
कोरोना वायरस कब खत्म होगा यह किसी को नहीं पता इसी को लेकर हर कोई चिंतित दिखा। सबसे चुनौतीपूर्ण यह है कि वायरस को मात देने वाले लोगों को बाद में भी तकलीफ रह सकती है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिनका इलाज आईसीयू में चला या चल रहा है, उनके फेफड़ों और दूसरे अंगों को नुकसान की आशंका ज्यादा है क्योंकि वायरस किस तरह से शरीर को नुकसान पहुंचा रहा है यह अपुष्ट है।
- दोबारा संक्रमण फैलने का खतरा
वैज्ञानिकों के अनुसार ठीक हो चुके व्यक्तियों को द्वारा संक्रमण नहीं होगा, यह स्पष्ट नहीं है। संभव है कि दोबारा संक्रमण हो जाए, हां यह जरूर है कि उसके शरीर में बनी एंटीबॉडीज उसे गंभीर होने से बचा ले या कुछ समय तक संक्रमण की चपेट में आने से बचा ले। पोस्ट कोविड-19 के बारे में अध्ययन की जरूरत है। जिससे पता चले कि वायरस का लंबे समय तक शरीर पर क्या असर पड़ता है। कहीं पोलियो जैसा ना हो।
- मनोरोग के मामलों में सुनामी की आशंका
मनोचिकित्सकों का कहना है कि कोविड-19 का असर लंबे समय तक दिखेगा। जो संक्रमण की चपेट में नहीं आए और लॉकडाउन में घरों में कैद रहे वह किसी मानसिक विकार का शिकार हो सकते हैं। महामारी से लाखों लोगों की नौकरी गई है। लोगों का बिजनेस चौपट हो गया है। हजारों घरों में कमाने वाले की मौत से वो तबाह हुए हैं। इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते, क्योंकि इन सब का सीधा संबंध व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य से है।