कोरोना संक्रमण को लेकर पूरी दुनिया चिंतित है। यूके स्ट्रेन ने कई देशों में अपना बुरा प्रभाव छोड़ा है। इस स्ट्रेन को काफी खतरनाक माना गया है। इस बीच ब्रिटिश अपनी सेहत संवारने को लेकर खासे चिंतित नजर आए। इसमें भी दांतों की चमक फीकी ना पड़ जाए इसको लेकर वह लाखों रुपये खर्च करने को तैयार हैं। खासकर लंदन के लोग दांतों को लेकर बेहद संजीदा और गंभीर हैं। लंदन में साल भर में ढाई लाख से ज्यादा पूछताछ दांतों को चमकाने को लेकर की गईं है। सबसे अहम बात यह कि ज्यादातर लोगों ने पूछा कि वे हॉलीवुड के सितारों की तरह दांत कैसे चमकाएं। भले ही इसके लिए उन्हें मोटी रकम क्यों ना चुकानी पड़े।
यह खुलासा ब्रिटेन में हुए एक सर्वे में हुआ है। एक निजी एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, लंदन वाले दांतों को लेकर सबसे अधिक पूछताछ करते दिखे। रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि दांतों को चमकाने को लेकर साल भर में ब्रिटेन में 10 लाख से ज्यादा लोगों ने जानकारी जुटाई है। इनमें से एक चौथाई, यानी 25% अकेले लंदन में पूछताछ की गई, जबकि बर्मिंघम के लोग दूसरे स्थान पर रहे। वहां 34,000 लोगों ने पूछताछ की।
मैनचेस्टर में भी शरीर संवारने के लिए लोग उत्सुक
वहीं मैनचेस्टर और लिवरपूल के लोगों में भी दांतों को संवारने और शरीर को सुडौल बनाने में दिलचस्पी दिखी। ब्रिस्टल, मैनचेस्टर और लिवरपूल में इस विषय को लेकर 19,200 लोगों ने पूछताछ की गई। हालांकि शेफील्ड के लोग दांतों को चमकाने को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं दिखे। यहां के लोगों ने अपने दांतों को मोतियों की तरह सफेद बनाने को लेकर ज्यादा उत्सुकता दिखाई।