ट्विटर के सीईओ जैक डोर्सी अपनी डाइट को लेकर इन दिनों काफी चर्चा में हैं। 42 वर्षीय डोर्सी दिन के 22 घंटे तक कुछ नहीं खाते, पांच मील तक चलकर अपने ऑफिस जाते हैं और ब्रेकफास्ट एवं लंच भी नहीं करते।
वह केवल एक बार ही खाना खाते हैं। इस खाने में वह मीट और मछली सलाद, हरी सब्जियां या फिर फलों के साथ खाते हैं। केवल इतना ही नहीं डोर्सी मानसिक स्वास्थ्य के लिए रोजाना 15 मिनट तक बर्फ में नहाते हैं। वहीं वीकेंड पर वह बिलकुल खाना नहीं खाते, इन दो दिनों तक वो केवल पानी पीते हैं।
फिटनेस पर्सनेलिटी बेन ग्रीनफील्ड के साथ एक पोडकास्ट में डोर्सी ने कहा कि अपने स्वास्थ्य को सजा देकर उन्हें तीक्ष्ण रहने में मदद मिलती है। उनका कहना है, "मन में केंद्रित बिंदु है... मैं बिस्तर पर जा सकता हूं और वास्तव में 10 मिनट में सो जाता हूं।"
डोर्सी की इस डाइट पर ट्विटर पर एक यूजर ने कहा है, "ये कोई वेल्नेस हैक नहीं है। यह एक अनियमित खानपान है।"
इससे पहले जनवरी में भी डोर्सी ने एक ट्वीट करते हुए अपने खाने के रुटीन के बारे में बताया था, जिसकी आलोचना की गई थी। बता दें डोर्सी रोजाना दो घंटे तक ध्यान करते हैं। उन्होंने इस ट्वीट में कहा था कि ब्रेकफास्ट/लंच/डिनर ना करते हुए उन्हें ये महसूस हुआ है कि ऐसा करके दिन बड़ा लगता है।