रूस द्वारा दागी गई मिसाइलों में से दो मिसाइलें यूक्रेन सीमा के पास नाटो के सदस्य देश पोलैंड के क्षेत्र में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। इसे लेकर उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य देश अमेरिका ने एक प्रेस वार्ता की। पोलिश क्षेत्र में रूसी मिसाइलों के गिरने की रिपोर्ट सामने आने के बाद अमेरिका ने इस मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले स्थिति के तथ्यों को इकट्ठा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता एड्रिएन वॉटसन ने कहा कि हमने पोलैंड से रिपोर्टें देखी हैं। हम इस समय रिपोर्ट या किसी भी विवरण की पुष्टि नहीं कर सकते। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने पोलैंड के राष्ट्रीय सुरक्षा ब्यूरो के प्रमुख जेसेक सिविएरा से बात की है।
इससे पहले पेंटागन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल पैट्रिक राइडर ने एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि हम इस रिपोर्ट से अवगत हैं, लेकिन रिपोर्ट की पुष्टि करने के लिए इस समय कोई जानकारी नहीं है। हमने इस मामले को गंभीरता से लिया है और उन पर गौर कर रहे हैं। जैसे ही हमारे पास इसकी जानकारी आएगी, हम आपको इस बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि हम इस मामले में तथ्यों को जुटा रहे हैं। मुझे लगता है कि यह हम सभी को करना चाहिए कि हम अनुमान लगाने या किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों को इकट्ठा करें।
मंगलवार को यूक्रेन की सीमा के पास पोलिश क्षेत्र के भीतर संभवतः दो रूसी मिसाइलों के गिरने की मीडिया रिपोर्टें सामने आईं। पैट्रिक राइडर ने कहा कि पेंटागन के पास इस समय रिपोर्टों की पुष्टि करने के लिए कोई सूचना नहीं है। पेंटागन के प्रेस सचिव ने कहा कि अमेरिका के पास यूक्रेन में चल रहे युद्ध के बीच नाटो सदस्य के क्षेत्र के भीतर दो रूसी मिसाइलों के उतरने की रिपोर्ट की पुष्टि करने के लिए पुख्ता जानकारी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि वह पोलैंड में स्थिति की संभावित प्रतिक्रिया पर अनुमान लगाने या कल्पना करने नहीं जा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जब हमारी सुरक्षा प्रतिबद्धताओं और अनुच्छेद 5 (नाटो) पर सवाल आएगा, तो हम बिल्कुल स्पष्ट हैं कि नाटो क्षेत्र के हर एक इंच की रक्षा करेंगे।
यह घटना अविश्वसनीय रूप से चिंताजनक: वेदांत पटेल
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रधान उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने इस मामले पर कहा कि "हमने इन रिपोर्टों को देखा है और अधिक जानकारी एकत्र करने के लिए पोलिश सरकार और नाटो भागीदारों के साथ काम कर रहे हैं। हम निर्धारित करेंगे कि क्या हुआ और इसके लिए उचित अगला कदम भी निर्धारित करेंगे। उन्होंने कहा कि हम नाटो सहयोगियों और साझेदारों के साथ खड़े होने को तैयार हैं, लेकिन हमें नहीं पता कि वहां क्या हुआ। हमने पोलैंड से रिपोर्ट देखी है और यह 'अविश्वसनीय रूप से चिंताजनक' है।
इससे पहले मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि मंगलवार को पोलैंड के क्षेत्र में दो मिसाइलें गिरीं। रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक ने पोलिश मीडिया के हवाले से कहा कि यूक्रेन की सीमा पर लबलिन वोइवोडीशिप (Lublin Voivodeship) में प्रेजवोडो के आबादी वाले क्षेत्र में दो रॉकेट गिरे। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, पुलिस और सेना घटना स्थल पर काम कर रही है।
रूस ने यूक्रेन पर करीब 100 मिसाइलें दागीं
रूस ने यूक्रेन के पूर्व से लेकर पश्चिमी इलाके तक मंगलवार को ऊर्जा एवं अन्य प्रतिष्ठानों पर हवाई हमले किए जिससे बड़े पैमाने पर इन इलाकों में बत्ती गुल हो गयी।एक वरिष्ठ अधिकारी ने आगाह किया कि स्थिति ‘‘गंभीर’’ है और उन्होंने यूक्रेनी नागरिकों से ‘कठिन परिस्थितियों में मजबूत बने रहने’ का आग्रह किया।
इन हवाई हमलों में राजधानी कीव में एक रिहायशी इमारत में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गयी। ये हमले ऐसे वक्त में किए गए हैं जब यूक्रेन ने बीते सप्ताह दक्षिणी शहर खेरसान पर फिर से कब्जा जमाने में कामयाबी हासिल की। यूक्रेन के कम से कम 12 क्षेत्रों में हमले हुए। यूक्रेनी वायु सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि रूस ने करीब 100 मिसाइलें दागीं। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मिसाइलों की संख्या 85 बतायी है।