वियतनाम में भारत के दूतावास ने गुरुवार को बताया कि फु क्वोक में हुए नाव हादसे के बाद हो ची मिन्ह शहर में इलाज करा रहे घायल भारतीय यात्री की हालत में सुधार हो रहा है। वह स्वस्थ होने की राह पर है।
घायल यात्री की सेहत पर क्या जानकारी दी?
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिये यह जानकारी साझा की। साथ ही, उसने वियतनाम की मेडिकल टीमों और अधिकारियों को तुरंत मदद व देखभाल के लिए धन्यवाद दिया।
दूतावास ने लिखा, हम फु क्वोक और हो ची मिन्ह शहर के अस्पतालों की मेडिकल टीमों और वियतनामी अधिकारियों को दी गई देखभाल और सहायता के लिए धन्यवाद देते हैं। हम लगातार मरीज की निगरानी करते रहेंगे। आइए, उसके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करें।
वियतनाम के विदेश मंत्री से मिले भारतीय राजदूत
इस बीच, बुधवार को वियतनाम में भारत के राजदूत शेरिंग डब्ल्यू. शेरपा ने वियतनाम के विदेश मंत्री और पोलित ब्यूरो सदस्य ले होआई ट्रुंग से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान वियतनाम के विदेश मंत्री ने फु क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक नाव हादसे पर गहरी संवेदना जताई। इस हादसे में 15 भारतीय नागरिकों की मौत हुई थी। उन्होंने भारत सरकार, भारतीय लोगों और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस बैठक की जानकारी वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिये दी। राजदूत ने भी दुख की इस घड़ी में वियतनामी अधिकारियों की ओर से समय पर दी गई सहायता और सहयोग के लिए विदेश मंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने मृत भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर को जल्द भारत भेजने की व्यवस्था करने के लिए वियतनाम सरकार की सराहना भी की।
पोस्ट में कहा गया, हमारे परंपरागत संबंधों के अनुरूप इस त्रासदी के दौरान दोनों देशों के बीच करीबी सहयोग मजबूत जनसंपर्क का प्रमाण रहा। हम इन लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
ये भी पढ़ें:
कीव पर हमले के पीछे रूस की क्या रणनीति?: 151 ड्रोन और 13 मिसाइलों से हमला, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने क्या कहा
नाव हादसे में कितने लोगों की हुई थी मौत?
इससे पहले मंगलवार को विदेश मंत्रालय ने कहा था कि नई दिल्ली फु क्वोक द्वीप के पास हुए तेज रफ्तार नाव हादसे को लेकर वियतनाम के संपर्क में है। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी। यह दुर्घटना 11 जुलाई को हुई थी। उस समय पर्यटकों को ले जा रही तेज रफ्तार नाव में कुल 36 लोग सवार थे। इनमें 32 भारतीय पर्यटक और चार वियतनामी चालक दल के सदस्य शामिल थे। खराब समुद्री परिस्थितियों के कारण यह नाव वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास होन मे रुत नगोई द्वीप के पास पलट गई थी।
जांच को लेकर क्या बोला विदेश मंत्रालय?
इस दर्दनाक घटना की जांच के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि भारत इस मामले में जानकारी जुटाने के लिए वियतनाम के संपर्क में है। उन्होंने कहा, हम समझते हैं कि स्थानीय सरकार ने जांच शुरू कर दी है। हम इस मामले और घटना में क्या हुआ, इसकी अधिक जानकारी के लिए उनके संपर्क में हैं।