पनामा के दक्षिणी तट के पास शुक्रवार को शक्तिशाली भूकंप आया। इसकी तीव्रता 7.6 मापी गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। यूएसजीएस ने पहले इसकी तीव्रता 8.0 बताई थी। बाद में इस अनुमान को घटाकर 7.6 कर दिया गया।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पनामा में तत्काल किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं मिली। हालांकि, टेलीविजन पर दिखाए गए फुटेज में लोग इमारतों से बाहर निकलते नजर आए।
भूकंप का केंद्र मध्य अमेरिकी देश के दक्षिणी छोर के पास था। यह पीतालोजा अरिबा के दूरस्थ समुदाय से करीब 14 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।चश्मदीदों के अनुसार, भूकंप के झटके पनामा की राजधानी पनामा सिटी में महसूस किए गए। पड़ोसी देश कोस्टा रिका की राजधानी में भी झटके महसूस हुए।
अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने मध्य अमेरिका के प्रशांत महासागर के तट के बड़े हिस्से में सुनामी आने की आशंका जताई। इसके अलावा, कोलंबिया और इक्वाडोर में भी सुनामी का खतरा बताया गया।
(खबर अपडेट की जा रही है)