Israel-Hamas Ceasefire: 12 अक्तूबर को इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष विराम लागू होने के छह दिन बाद बड़ा घटनाक्रम सोमवार को होने वाला है। बता दें कि, मिस्र और गाजा के बीच सबसे अहम मार्ग रफा क्रॉसिंग बॉर्डर सोमवार को खुल जाएगा। जो गाजा लौटने वाले फलस्तीनियों के राहत की खबर हैं।
इस्राइल और हमास के बीच लागू संघर्ष विराम के छह दिन बाद मिस्र और गाजा के बीच स्थित रफा बॉर्डर क्रॉसिंग को सोमवार से फिर से खोला जाएगा। इसकी जानकारी शनिवार को मिस्र में मौजूद फलस्तीनी दूतावास ने दी। यह फैसला उन फलस्तीनियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जो लंबे समय से अपने घर गाजा लौटने का इंतजार कर रहे थे।
फैसले पर इस्राइल ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
दूतावास ने एक बयान जारी कर कहा कि रफा बॉर्डर सोमवार को उन लोगों के लिए खोला जाएगा जो गाजा लौटना चाहते हैं। दूतावास के सांस्कृतिक सलाहकार नाजी अल-नाजी ने बताया कि 'गाजा लौटने के लिए पंजीकरण कराने वाले लोगों की संख्या बहुत बड़ी है।' हालांकि उन्होंने सटीक आंकड़ा नहीं बताया। इस फैसले पर इस्राइल की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
विज्ञापन
गाजा पट्टी के लिए रफा बॉर्डर का महत्व
रफा बॉर्डर गाजा पट्टी का एकमात्र ऐसा रास्ता है जो युद्ध से पहले इस्राइल के नियंत्रण में नहीं था। मई 2024 में इस्राइल ने इस बॉर्डर के गाजा वाले हिस्से पर नियंत्रण कर लिया था, जिसके बाद से यह क्रॉसिंग बंद थी। इस बंदी के कारण हजारों लोग गाजा से बाहर या गाजा के अंदर फंसे हुए थे।
अकालग्रस्त इलाकों में मानवीय राहत पहुंचने की उम्मीद
अब बॉर्डर खुलने से उम्मीद है कि गाजा में फंसे नागरिकों की आवाजाही कुछ हद तक आसान होगी। हालांकि, सुरक्षा जांच और प्रक्रिया सख्त रहने की संभावना है, जिससे पार करने में वक्त लग सकता है। रफा बॉर्डर मिस्र और गाजा के बीच सबसे अहम मार्ग है। कई बार यह राजनीतिक तनाव का केंद्र भी बनता रहा है। फिलहाल इसका खुलना गाजा के लोगों के लिए एक मानवीय राहत माना जा रहा है।