पाकिस्तान में शनिवार को एक महिला पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शाहीना शाहीन बलोच नाम की पत्रकार सरकारी टीवी चैनल में एंकर और रिपोर्टर थीं। कुछ दिनों पहले ही उनका बलूचिस्तान के तुरबत में तबादला किया गया था। हत्या में पत्रकार के पति के भी शामिल होने का आरोप है।
युवा पत्रकार थीं शाहीन
शाहीन पहले इस्लामाबाद में एक निजी टीवी चैनल के लिए काम करतीं थीं। इसके बाद उनका चयन सरकारी टीवी चैनल में हो गया। इस्लामाबाद में कुछ महीने रहने के बाद शाहीन का तबादला बलूचिस्तान के तुरबत में हो गया। वे एक स्थानीय मैगजीन की संपादक भी थीं। 27 साल की शाहीन क्वेटा यूनिवर्सिटी से पीएचडी भी कर रहीं थीं।
घर में घुसकर की गई हत्या
शाहीन की हत्या उनके घर में घुसकर की गई। पुलिस के मुताबिक, दो हमलावर उनके घर पहुंचे। दरवाजा खोलते ही शाहीन पर गोलियां चलाईं। शाहीन को पांच गोलियां लगीं। पुलिस के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति शाहीन को कार में लेकर अस्पताल पहुंचा लेकिन, वो कुछ देर बाद गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। शाहीन के परिवार ने कुछ लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है। इनमें शाहीन के पति का नाम भी शामिल है।