पाकिस्तान को अपने राजदूत की कारगुजारी की वजह से दुनिया के सामने शर्मसार होना पड़ा है। दरअसल, पाक राजदूत ने मिशेल ओबामा के साथ ली गई एक तस्वीर को ट्विटर पर शेयर किया, जो अमेरिका को नागवार गुजरी। व्हाइट हाउस ने पाक राजदूत जलील अब्बास जिलानी की इस हरकत पर उन्हें कड़ी फटकार लगाई। अमेरिका ने पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक के इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की है।
एक आधिकारिक पत्र में व्हाइट हाउस ने इस प्रकरण पर गहरी नाराजगी जताई। साथ ही कहा कि राजदूत ने भरोसा तोड़ा है और एक राजनयिक की तरह बर्ताव नहीं किया। दरअसल, जिलानी ने अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा के साथ तस्वीर शेयर कर यह दिखाने की कोशिश की थी कि उनके व ओबामा परिवार के बीच पारिवारिक संबंध हैं। हालांकि अमेरिका की फटकार पर जिलानी ने कुछ घंटे बाद इस फोटो को हटा लिया।
पाक अखबार ‘द न्यूज इंटरनेशनल’ ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा है कि इसी साल मई के आखिरी हफ्ते यह तस्वीर ली गई थी। ट्वीट की गई तस्वीर में पाक राजदूत और उनकी पत्नी के साथ मिशेल ओबामा भी दिखाई दे रही हैं। जिलानी ने घर पर मिशेल का स्वागत करने पर काफी प्रसन्नता जाहिर की थी। कुछ मीडिया समूहों ने इसका विश्लेषण किया कि मिशेल ओबामा और राजदूत जिलानी के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा हुई। जबकि उस समय दोनों देशों के रिश्ते अच्छे नहीं चल रहे थे। ओबामा प्रशासन ने रियायती दर पर आठ लड़ाकू विमान देने से इनकार कर दिया था। यही नहीं, अमेरिका ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में ड्रोन हमला किया जिसमें अफगान तालिबान का सरगना मुल्ला मंसूर मारा गया। दोनों देशों में संबंध भले ही अच्छे न हों पर तस्वीर देखने से सब कुछ अच्छा लगता है।
उधर, पाकिस्तान ने इस बात से इनकार किया है कि अमेरिका ने उसके राजदूत को फटकार लगाई है। पाक विदेश विभाग ने ऐसी रिपोर्टों को आधारहीन बताया।