पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायोग के जिन आठ अधिकारियों पर आरोप लगाए थे उनमें से दो और बृहस्पतिवार को भारत रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार बलबीर सिंह और जयाबालन सेंथिल पाकिस्तान से दुबई के रास्ते भारत के लिए रवाना हुए हैं।
इन दोनों अधिकारियों पर पाकिस्तान ने भारतीय खुफिया एजेंसियों का एजेंट होने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही पाकिस्तान की ओर से आरोप लगाए जाने के बाद से भारत लौटने वाले भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों की संख्या पांच हो गई है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने पिछले सप्ताह कई भारतीय राजनयिकों और उच्चायोग अधिकारियों पर आतंकियों के संपर्क में होने का आरोप लगाया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि कुछ भारतीय अधिकारी राजनयिक कार्य की आड़ में पाकिस्तान में विध्वंसक गतिविधियों में लिप्त हैं।
इससे पहले पिछले माह पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायोग के अधिकारी सुरजीत सिंह को अवांछित व्यक्ति घोषित किया था। पाक ने ऐसा बदले की कार्रवाई के तहत किया था।