उत्तरी पाकिस्तान के एक बाज़ार में हुए दो बम धमाकों में कम से कम 25 लोग मारे गए हैं।
खबरों के मुताबिक ये धमाके अफगान सीमा के पास कुर्रम के कबिलाई क्षेत्र के मुख्य शहर पराचिनार में हुए हैं।
रॉयटर समाचार एजेंसी के मुताबिक दोनों धमाके शहर की दो अलग-अलग मस्जिदों के नज़दीक हुए।
इस हमले में 50 से ज्यादा लोग ज़ख्मी हो गए हैं।
शिया बहुल इलाका
जिन जगहों पर धमाके हुए हैं वो शिया बहुल आबादी वाला इलाका है जो कि सुन्नी चरमपंथी गुटों के निशाने पर रहा है।
धमाके तब हुए जब लोग रमज़ान का रोज़ा खोलने से पहले शाम की खरीदारी में व्यस्त थे।
एक पुलिस प्रवक्ता फ़ज़ल नईम ख़ान ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि ऐसा लगता है कि दो विस्फोटकों में से एक मोटरसाइकिल पर लगाया गया था।
उन्होंने बताया कि विस्फोटक विशेषज्ञ घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं।
अभी तक किसी चरमपंथी गुट ने धमाकों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है।