पाकिस्तान के पेशावर में वायुसेना के बेस कैंप में मौजूद एक मस्जिद पर शुक्रवार को चरमपंथियों ने हमला किया है। हमले के वक़्त मस्जिद में मौजूद लोगों में से कम से कम 16 के मारे जाने की ख़बर है। ख़बरों के अनुसार सेना की जवाबी कार्रवाई में 13 चरमपंथी भी मारे गए हैं।
पाकिस्तान तालिबान ने एक ईमेल के ज़रिए हमले की ज़िम्मेदारी ली है। संगठन के अनुसार उनके आत्मघाती दस्ते ने इस हमले को अंजाम दिया है। पाकिस्तानी फौज के प्रवक्ता ने बताया कि पेशावर के बढ़बेर इलाक़े में पाकिस्तानी वायु सेना के गार्ड रूम पर चरमपंथियों ने हमला किया। 20 लोग घायल हुए हैं। जिसमें सेना के 10 जवान और दो अधिकारी शामिल हैं।
पेशावर पिछले कुछ समय से चरमपंथियों के निशाने पर रहा है। पिछले साल दिसंबर में तालिबान लड़ाकों ने सैन्य स्कूल पर हमला कर 150 से अधिक लोगों की हत्या कर दी थी।