वाघा सीमा के पास पाकिस्तान के भीतर हुए धमाके की तालिबान और तालिबान से जुडे चरमपंथी संगठन जुनदुल्लाह ने जिम्मेदारी ली है। इन संगठनों का दावा है कि उन्होंने इस हमले का आदेश दिया था।
पाकिस्तान में रविवार को लाहौर के निकट वाघा सीमा के पास जोरदार धमाका हुआ था। इसमें 50 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। पाकिस्तान पुलिस के मुताबिक यह आत्मघाती हमला था।
पाकिस्तानी पंजाब के आईजी पुलिस मुश्ताक सखेरा ने इसकी पुष्टि की है कि यह विस्फोट आत्मघाती था। मारे गए लोगों में कई पाकिस्तानी रेंजरों, अधिकारियों के अलावा महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
खबरों में कहा गया है कि यह वारदात वाघा बार्डर पर रोजाना की फ्लैग परेड के तुरंत बाद हुई। प्रशासन ने लाहौर के सभी अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया है।
अस्पताल के डीएमएस डॉ खुर्रम ने स्थानीय टेलीविजन एक्सप्रेस न्यूज से बातचीत में इसे नरसंहार बताया है।
प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और पाकिस्तान प्रशासित पंजाब के मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना की रिपोर्ट मांगी है। उधर, पाकिस्तान तहरीक इंसाफ ने ट्विटर पर एक संदेश में इस धमाके पर अफसोस जताया है।