पाकिस्तान तालिबान ने सगंठन के प्रवक्ता शाहिदुल्ला शाहिद को इस्लामिक स्टेट (आईएस) के प्रति वफादारी की घोषणा के बाद पद से हटा दिया है।
शाहिदुल्ला की जगह कौन लेगा इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। पाकिस्तानी तालिबान ने अफगान तालिबान नेता मुल्ला उमर को समर्थन देने की बात भी दोहराई है।
पिछले हफ्ते शाहिदुल्ला शाहिद एवं पांच अन्य पाकिस्तानी तालिबानियों ने सीरिया और इराक में सक्रिय चरमपंथी समूह इस्लामिक स्टेट से मिले होने की बात स्वीकार की थी।
विश्लेषकों का कहना है कि इस्लामिक स्टेट, तालिबान, अल-कायदा एवं अन्य चरमपंथी संगठनों के लिए खतरा बनकर उभरा है।
पाकिस्तानी तालिबान ने अपने बयान में यह भी बताया कि शाहिदुल्ला शाहिद एक छद्म नाम था। उनके पूर्व प्रवक्ता का असली नाम शेख मकबूल बताया था।
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में बीबीसी उर्दू के संवाददाता हारून रशीद का कहना है कि ये संकेत पाकिस्तानी तालिबान में टूट की तरफ इशारा करते हैं।
पिछले हफ्ते एक वरिष्ठ पाकिस्तानी तालिबान नेता ने बीबीसी संवाददाता को बताया कि शाहिदुल्ला शाहिद के साथ-साथ अन्य पांच लोगों ने तालिबान को इसलिए छोडा क्योंकि उन्हें मुल्ला मोहम्मद उमर के नेतृत्व पर संदेह था।