पाकिस्तान में एक प्रेग्नेंट गायिका को केवल इसलिए जान से मार दिया गया क्योंकि वह गाना गाने के लिए खड़ी नहीं हो पाई थी। गायिका की हत्या के दो दिन बाद घटना का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को इस्लामाबाद के एक मानवाधिकार कार्यकर्ता कपिल देव ने ट्विटर पर शेयर किया है।
वीडियो को शेयर करते हुए कपिल ने लिखा- 6 महीने की प्रेग्नेंट सिंधी गायिका समीना सिंधु को लरकाना में तारिक जतोई ने गोली मार दी। उन्हें खड़े होकर परफॉर्म करने के लिए कहा। मना करने पर उसने उन्हें धमकी दी। बाद में जब वह खड़ी हुईं तो उन्हें गोली मार दी गई। अब जतोई गायिका के पति पर केस वापस लेने के लिए दबाव डाल रहा है। बता दें कि 24 साल की गायिका समीना समून को समीना सिंधु के नाम से भी जाना जाता था। समीना कांगा गांव के एक कार्यक्रम में गाना गाने के लिए पहुंची थीं।
कार्यक्रम के दौरान तारीक अहमद जतोई नाम के शख्स ने समीना को गाना गाने के लिए खड़े होने को कहा। जब उन्होंने प्रेग्नेंट होने की वजह से कथित तौर पर मना किया तो नशे में धुत्त आरोपी ने उन्हें गोली मार दी। गायिका को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। महिला के पति ने आरोपी पर डबल मर्डर केस दर्ज करने की मांग की है क्योंकि उसने महिला के साथ ही अजन्मे बच्चे की भी हत्या की है। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच शुरू हो चुकी है।