पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ
- फोटो : bbc
पाकिस्तान ने एक बार फिर जाहिर कर दिया कि उसे अपने नागरिकों से ज्यादा चिंता कश्मीरियों की है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने मंगलवार को कश्मीरी अवाम के स्वतंत्रता आंदोलन में सहयोग करने का संकल्प लेते हुए कहा कि कश्मीरियों की दुर्दशा पर विश्व समुदाय को ध्यान देना चाहिए। शरीफ ने यह टिप्पणी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के निवर्तमान राष्ट्रपति सरदार मोहम्मद याकूब खान से मुलाकात के दौरान की।
इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘विश्व समुदाय को निहत्थे, निर्दोष कश्मीरियों पर हाल के घातक हमलों पर ध्यान देना चाहिए जिन्हें अपनी आजादी के मूल अधिकार के लिए बड़ी कुर्बानी देनी पड़ रही है।’ शरीफ ने पीओके के निवर्तमान राष्ट्रपति के कार्यकाल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां लगातार जारी निर्वाचन प्रक्रिया से लोकतांत्रिक प्रणाली मजबूत हुई है। शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) पार्टी को पिछले महीने ही कश्मीर संसदीय चुनाव में बहुमत से जीत मिली थी।
शरीफ ने पीओके के प्रधानमंत्री के रूप में राजा फारूक हैदर और राष्ट्रपति मसूद खान को नियुक्त किया है। पीएमएल-एन के खान को चुनाव में 42 वोट मिले थे जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी लतीफ अकबर को सिर्फ छह वोट मिले थे। नए राष्ट्रपति भले ही शरीफ द्वारा नामित किए गए हों लेकिन वह सेना के ही विश्वास और समर्थन से इस पद पर बने रहेंगे।