पाकिस्तान के भ्रष्टाचार रोधी निकाय ने पीएमएल-एन पार्टी के मुखिया और पंजाब प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ को भवन घोटाले के मामले में 20 अगस्त को पेश होने को कहा है। शहबाज शरीफ जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के भाई हैं। नवाज शरीफ भ्रष्टाचार के मामले में 10 बरस की सजा काट रहे हैं।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग (पीएमएल-एन) हालिया आम चुनाव में सत्ता में लौटने में नाकाम रही है। साथ ही पंजाब में प्रांतीय असेंबली के चुनाव में भी उसे इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी से टक्कर मिली है। इस वजह से शहबाज शरीफ दबाव में हैं।
जियो न्यूज ने खबर दी है कि राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने पीएमएल-एन के अध्यक्ष शहबाज शरीफ को आशियाना भवन घोटाले के संबंध में तलब किया है। उन्हें इस मामले के साथ ही ऊर्जा कंपनी से संबंधित मामले की सुनवाई के लिए एनएबी के समक्ष 20 अगस्त को पेश होने का आदेश दिया गया है।
खबर में बताया गया है कि शहबाज शरीफ (66) मामले में एनएबी के सामने पहले ही पेश हो चुके हैं जबकि लाहौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अहद चीमा न्यायिक हिरासत में हैं। उन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पिछले महीने एनएबी आशियाना इकबाल भवन योजना समेत भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में वरिष्ठ नौकरशाह फवाद हसन फवाद को गिरफ्तार कर चुकी है। खबर में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि फवाद से पूछताछ में हुए खुलासों के बाद शहबाज शरीफ को तलब किया गया है।