लेफ्टिनेंट जनरल रिजवान अख्तर को पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई का प्रमुख बनाया गया है।
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक़ सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल असीम बाजवा ने ट्वीट करके यह जानकारी दी।
अख्तर की नियुक्ति ऐसे समय की गई है जब देश में पिछले कुछ समय से प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की सरकार के खिलाफ आंदोलन चल रहा है।
अख़्तर ज़हीर उल इस्लाम की जगह लेंगे जो एक अक्तूबर को रिटायर हो रहे हैं। बेहद ताकतवर मानी जाने वाली आईएसआई के प्रमुख की नियुक्ति का अधिकार पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के पास है।
मेजर जनरल से लेफ्टिनेंट जनरल बनाए गए अख्तर इससे पहले सिंध में अर्द्धसैनिक रेंजर्स फ़ोर्स के प्रमुख रह चुके हैं।
पिछले साल उनके मार्गदर्शन में माफ़िया संगठनों और तालिबान के ख़िलाफ कराची में एक बड़ा अभियान चलाया गया था।
इस अभियान के बाद अपराधों में कमी आई थी लेकिन मानवाधिकार संगठनों ने इसकी आलोचना की थी।
साल 2007 से 2010 के दौरान अख्तर को अफ़ग़ानिस्तान सीमा से लगे दक्षिण वज़ीरिस्तान में तैनात किया गया था जिसे तालिबान का गढ़ माना जाता है।