पाकिस्तान के संसदीय चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के एक शीर्ष नेता ने कहा है कि पार्टी ने विदेश कार्यालय से पूछा है कि क्या भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों को इमरान खान के शपथ-ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जा सकता है।
इमरान (65) की अगुवाई वाली पीटीआई, इस महीने की 25 तारीख को नेशनल असेंबली के लिए हुए चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है और वह अपनी सहयोगी पार्टियों और निर्दलीय सांसदों के समर्थन से सरकार का गठन कर सकती है। पीटीआई प्रमुख ने सोमवार को कहा था कि वह 11 अगस्त को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
पीटीआई के प्रवक्ता फवाद चौधरी के हवाले से द डान की खबरों में कहा गया है कि पार्टी ने विदेश कार्यालय से पूछा है कि बेहद कम समय को देखते हुए क्या मोदी सहित कई अन्य विदेशी गणमान्य हस्तियों को शपथ-ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जा सकता है।
चौधरी ने कहा कि पार्टी विदेश कार्यालय के जवाब का इंतजार कर रही है।