पीएमएल-क्यू के नेता अब्दुल कुद्दस बिजेंजो
पाकिस्तान में सत्तारूढ़ नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन को बलूचिस्तान में उस समय शर्मसार होना पड़ा, जब उसके मुख्य प्रतिद्वंद्वी दल पीएमएल-क्यू के नेता अब्दुल कुद्दस बिजेंजो को दक्षिण-पश्चिम सूबे का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया।
खास बात यह है कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग कायदेआजम (पीएमएलएन-क्यू) के 65 सदस्यीय प्रांतीय असेंबली में महज पांच सदस्य हैं। बिजेंजो बलूचिस्तान असेंबली के डिप्टी स्पीकर थे और उन्होंने सीएम सन्नाउल्ला जेहरी को सत्ता से हटाने में अहम भूमिका निभाई थी।
रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, बिजेंजो को सदन में कुल 41 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी पख्तूनख्वा मिल्ली अवामी पार्टी के सैयद आगा लियाकत अली महज 13 वोट मिले। नवाज की पीएमएल-एन के सदन में 21 सदस्य हैं, इसके बावजूद वह असेंबली के नेता को लेकर आम सहमति नहीं बना सकी। उनकी पार्टी के कई सदस्यों ने विरोधी पार्टी के बिजेंजो के पक्ष में मतदान किया। बिजेंजो ने सीएम पद की शपथ ले ली है। यह कार्यक्रम गवर्नर हाउस में हुआ। उनकी कैबिनेट को भी बलूचिस्तान के गवर्नर मुहम्मद खान अचकजई ने शपथ दिलाई।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री जेहरी ने उनके खिलाफ सदन में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले ही मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। तब आरोप लग रहे थे कि सदस्यों की खरीद-फरोख्त हो रही है। बिजेंजो 2013 में बलूचिस्तान के अवारन क्षेत्र से असेंबली के सदस्य चुने गए थे। बलूचिस्तान के घटनाक्रम को जून के बाद देश में होने वाले आम चुनाव से पहले पीएमएल-एन को बड़ा झटका माना जा रहा है।