पाकिस्तान के सूबा सिंध क्षेत्र स्थित 'दादू' में भीड़ ने एक पुलिस स्टेशन पर हमला किया है और कुरान के कथित अपमान के आरोप में एक व्यक्ति की पीट–पीट कर हत्या कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भीड़ ने इसके बाद इस व्यक्ति की लाश पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। ज़िले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उस्मान गनी ने बीबीसी को बताया कि यह घटना दादू ज़िले में हुई।
उनके अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार के बीच रात को साढ़े तीन बजे के करीब लोगों ने मस्जिद के इमाम को बताया कि व्यक्ति ने कथित तौर पर कुरान की अपमान किया और उसके पन्नों में आग लगा दी। इस घटना के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
थाने पर हमला
बीबीसी संवाददाता के अनुसार सवेरा होने के साथ ही यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और भीड़ ने थाने पर हमला कर दिया और पुलिस से हथियार छीन लिया। एसएसपी ने बताया कि भीड़ ने कथित आरोपी को लॉक अप से निकाल कर उसकी पत्थर और ईंटें मार-मार कर हत्या कर दी गई।
एसएसपी के अनुसार भीड़ आरोपी के शव को एक किलोमीटर दूर तक घसीटते हुए ले गए, जहां शव पर पेट्रोल छिड़क कर उसे आग लगा दी गई। मारे गए व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था।
स्थानीय पुलिस की बेबसी के बाद एसएसपी दादू के नेतृत्व में भारी तादाद में पुलिस इलाके में पहुंची, जिसके बाद तीस के करीब लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि कुछ आरोपियों की पहचान भी की गई है।
महत्वपूर्ण है कि कुछ ही समय पहले ईश निंदा के आरोप में एक नाबालिग ईसाई लड़की रिमशा को भी गिरफ्तार किया गया था। बीबीसी संवाददाता का कहना है पाकिस्तान में ईश निंदा के मामले बेहद संवेदनशील माने जाते हैं और काफी लोगों को भीड़ का निशाना बन चुके हैं।