प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को तगड़ा झटका देते हुए मंगलवार को पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने भ्रष्टाचार से संबंधित पनामा पेपर्स लीक मामले में जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले में शरीफ और उनके परिवार के लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। सीमा पर तनातनी के चलते पहले से ही मुश्किलों से घिरे शरीफ की परेशानियां इस फैसले के कारण और बढ़ सकती हैं।
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित करने का आदेश दिया है। गौरतलब है कि पनामा पेपर्स लीक प्रकरण के बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान और अन्य ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके शरीफ और उनके परिवार के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कराने की मांग की थी।
देश से बाहर कंपनी चलाने समेत संपत्ति रखने वाले जिन नामों का खुलासा पनामा पेपर्स से हुआ था, उनमें शरीफ के परिजनों के भी नाम होने के आरोप हैं। चीफ जस्टिस अनवर जहीर जमाली की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय पीठ ने इस मामले की सुनवाई कई कैबिनेट मंत्रियों, पीटीआई के नेताओं और उसके वकीलों के समक्ष की।