कुलभूषण जाधव प्रकरण में बेनकाब होने के बाद पाकिस्तान ने अब एक नया शिगूफा छोड़ा है। उसका दावा है कि भारत जाधव को लेकर उसके सवालों का जवाब नहीं दे रहा है। पाक ने जाधव के पासपोर्ट और सैन्य सेवाकाल का ब्यौरा मांगा था। पाक के विदेश विभाग के प्रवक्ता डा. मोहम्मद फैसल ने कहा, पाक ने भारतीय नौसेना में सेवारत कमांडर कुलभूषण जाधव को गिरफ्तार किया है। उसने पाकिस्तान में हुई कई आतंकी घटनाओं में संलिप्त होने की बात मान ली है।
यह खेदजनक है कि भारत ने अब तक इस बात का जवाब नहीं दिया कि कमांडर जाधव के पास हुसैन मुबारक पटेल का पासपोर्ट कैसे आया। उसके नौसेना से रिटायरमेंट के दस्तावेज भी नहीं दिए गए। पाक की सैन्य अदालत ने आतंकवाद और जासूसी के आरोपों में 47 वर्षीय जाधव को मौत की सजा सुनाई है। अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत ने मई में भारत की अपील पर इस सजा पर रोक लगा दी थी। पाक का दावा है कि उसके सुरक्षाबलों ने जाधव को तीन मार्च 2016 को बलूचिस्तान से पकड़ा था। वह ईरान से यहां पहुंचा था।
हालांकि भारत का कहना है कि जाधव को ईरान से अगवा किया गया है। नौसेना से रिटायर होने के बाद वह ईरान में व्यापार कर रहे थे। एक अन्य सवाल के जवाब में फैसल ने कहा है कि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल ने खुफिया एवं आतंकवाद रोधी वार्ता के सिलसिले में भारत का दौरा किया था। हालांकि यह दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बैठक नहीं थी। यह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के आतंकवाद रोधी सहयोग तंत्र के क्षेत्रीय आतंकवाद रोधी ढांचे (आरएटीएस) के तहत आता है। भारत और पाक, दोनों ने ही पिछले साल रूस के रिसोर्ट शहर सोच्चि में हुए एससीओ सम्मेलन में हिस्सा लिया था। दोनों को पहली बार इसका स्थायी सदस्य बनाया गया था।