भारत-पाकिस्तान के बिगड़ते रिश्तों के बीच पाकिस्तान के पूर्व सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ का बड़ा बयान सामने आया है। मुशर्रफ ने ये दावा किया है कि जमात-उद-दावा का सरगना 2008 के मुंबई हमलों में शामिल नहीं था। मुशर्रफ ने कहा कि मैं नहीं मानता कि 26/11 के हमलों के पीछे सईद का हाथ था। हम उसे आतंकवादी नहीं कहते।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान ने माना हाफिज सईद है आतंकवादी, कोर्ट में दिया हलफनामा
हाफिज सईद को नजरबंद किए जाने के बाबत पूर्व सैन्य शासक ने कहा कि हाफिज सईद का मुद्दा केवल भारत के लिए मुद्दा है, अमेरिका के लिए नहीं। अमेरिका हक्कानी और शाकिल अफरीदी के बारे में बात कर रहा है लेकिन वो सईद के बारे में बात नहीं कर रहा। केवल भारत ही सईद के मुद्दे पर बात कर रहा है।
बता दें कि 30 जनवरी को पाकिस्तान सरकार ने हाफिज सईद और उसके संगठनों के चार सहयोगियों को लाहौर के घर में नजरबंद करने का आदेश दिया था। 68 साल के सईद को 90 दिनों के लिए नजरबंद कर दिया गया था। रिपोर्टों के अनुसार ट्रंप प्रशासन के हाफिज सईद और उसके संगठनों के खिलाफ कार्रवाई के दबाव में पाकिस्तान को ऐसा कदम उठाना पड़ा।
ये भी पढ़ें- लश्कर-ए-तैयबा में छिड़ी जंग, भारत में हमले को लेकर हाफिज सईद और लखवी में घमासान
इसके अलावा आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हाफिज सईद पर अमेरिका द्वारा 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित है। अमेरिका ने सईद के संगठन को जून 2014 में ही विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है।
आपको बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने लाहौर हाईकोर्ट में हलफनामा दाखिल करके उसके आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने की पुष्टि की थी।