काफी फजीहत होने के बाद पाकिस्तान सरकार ने शुक्रवार को पत्रकार सीरिल अल्मीडा के विदेश जाने पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया। सीरिल ने आतंकवादियों पर सैन्य और असैन्य नेतृत्व में कथित मतभेदों की बात का खुलासा किया था। गृह मंत्रालय के हवाले से डॉन ने लिखा है कि अखबार के पत्रकार सीरिल अल्मीडा का नाम एक्जिट कंट्रोल लिस्ट (ईसीएल) से हटा दिया गया है।
पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान ने इसके पहले ऑल पाकिस्तान न्यूजपेपर्स सोसायटी और कौंसिल ऑफ पाकिस्तान न्यूज पेपर एडिटर्स से कहा कि अल्मीडा का नाम ईसीएल से हटा लिया गया है। हालांकि मंत्री ने यह भी कहा कि अखबार में प्रकाशित विवादित रिपोर्ट की जांच जारी रहेगी और उसके निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा।
सनद रहे कि ईसीएल में शामिल लोगों को पाकिस्तान से बाहर जाने की अनुमति नहीं होती है। अल्मीडा का नाम ईसीएल में तब शामिल कर लिया गया था जब उन्होंने एक रिपोर्ट में लिखा था कि नवाज सरकार ने सेना से कहा है कि आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए अन्यथा अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अलग-अलग होना पड़ेगा। अल्मीडा की विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद मानवाधिकार एवं पत्रकार संगठन उनके पक्ष में आ खड़े हो गए। ज्यादातर टीवी चैनलों ने सरकार के इस फैसले की आलोचना की थी।