पाकिस्तान सड़क हादसे में फंसे अमेरिकी राजनयिक कर्नल जोसेफ एमानुएल के देश छोड़ने पर रोक लगाने की तैयारी कर रहा है। अखबार डॉन की रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी दूतावास में रक्षा और वायु मामलों के राजनयिक कर्नल जोसेफ एमानुएल शनिवार को तेज गति से लैंड क्रूजर चला रहे थे। दमन-ए-कोह इलाके में कथित तौर पर लाल बत्ती की परवाह नहीं करते हुए वह आगे बढ़े और एक बाइक को टक्कर मार दी। इसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस घटना को लेकर एमानुएल के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। इतना ही नहीं पुलिस ने एमानुएल के देश से बाहर जाने पर रोक लगाने के लिए उनका नाम एक्जिट कंट्रोल लिस्ट (ईसीएल) में शामिल किए जाने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है।
इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक सुल्तान आजम तेमुरी ने बताया कि सोमवार को गृह मंत्रालय को पत्र भेज कर कर्नल जोसेफ एमानुएल का नाम देश छोड़ने पर प्रतिबंध लगाने वाली सूची ईसीएल में शामिल करने का अनुरोध किया गया है।