पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खकान अब्बासी ने देश की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) के वरिष्ठ अधिकारियों में असैन्य लोगों की हिस्सेदारी बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
पाकिस्तान के प्रमुख समाचार पत्र डॉन की ओर से रविवार को जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक, अब्बासी ने 15 सितंबर को एजेंसी में सर्वोच्च असैन्य पद महानिदेशकों (डीजी) की संख्या एक से बढ़ाकर चार करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
ये भी पढ़ें- पाक ने यूएन में उठाया कश्मीर मुद्दा, भारत ने कहा- ‘मियां की दौड़ मस्जिद तक’
आईएसआई में असैन्य डीजी का पद ग्रेड 21 का है, जो सशस्त्र सेनाओं में सेवारत मेजर जनरल के बराबर है। इससे पहले खुफिया एजेंसी में असैन्य डीजी का केवल एक पद होता था।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने उप महानिदेशकों (डीडीजी) की संख्या भी 8 से बढ़ाकर 15 कर दी है। कैबिनेट एंड एस्टेब्लिशमेंट डिवीजन के संसदीय सचिव रजा जावेद इखलास ने इस आदेश को नियमित मामला बताया। वहीं सेना की मीडिया इकाई इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अधिकारियों ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ें- पाक सेना की योजना का हिस्सा है आतंकी संगठनों द्वारा नई राजनीतिक पार्टियां बनाना!
हालांकि यह जरूर कहा कि प्रधानमंत्री सक्षम प्राधिकारी हैं, इसलिए आईएसआई में पदों में वृद्धि को मंजूरी देना उनका विशेषाधिकार है। गौरतलब है कि आईएसआई प्रधानमंत्री सचिवालय के तहत काम करता है। इसका मुख्यालय रावलपिंडी में था लेकिन बाद में इसे इस्लामाबाद स्थानांतरित कर दिया गया।