पाकिस्तान की एक आतंकवाद रोधी अदालत ने पुलिस को क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान और मौलवी ताहीरुल कादरी को 17 नवंबर तक गिरफ्तार करने का आदेश दिया है।
कोर्ट ने यह आदेश शुक्रवार को 2014 में सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान टीवी (पीटीवी) के मुख्यालय पर हुए हमले के मामले में दिया है। इस्लामाबाद स्थित अदालत ने पीटीवी पर हमले के मामले की नियमित सुनवाई के बाद इमरान खान और ताहीरुल कादरी की गिरफ्तारी का आदेश दिया।
अदालत इनके खिलाफ पहले भी गिरफ्तारी वारंट जारी कर चुकी है, लेकिन पुलिस उसे तामील नहीं करा सकी थी। सुनवाई के दौरान जज कौसर अब्बास जैदी ने पुलिस के गिरफ्तारी वारंट तामील कराने में असफल रहने पर सख्त नाराजगी जताई।