पाकिस्तान चुनाव आयोग द्वारा पीटीआई को 33 आरक्षित सीटें दिए जाने के बाद पाकिस्तान के भावी प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी की नेशनल असेंबली में कुल क्षमता 158 की हो गई है। इसके साथ ही सदन में साधारण बहुमत साबित करने के लिए पीटीआई के पास अब केवल 14 सीटें कम रह गई हैं।
पार्टियों के चुने हुए सदस्यों के आधार पर शनिवार को चुनाव आयोग ने सभी पार्टियों को आरक्षित सीटों का बंटवारा किया। नेशनल असेंबली में 60 सीटें महिलाओं के लिए जबकि 10 सीटें अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को महिलाओं के लिए आरक्षित 16 सीटें पंजाब, चार सिंध, सात खैबर पख्तूनख्वा और एक बलूचिस्तान से मिलीं।
वहीं पीटीआई को गैर-मुस्लिमों के लिए आरक्षित 10 सीटों में से पांच सीटें मिलीं। बाकी पांच सीटों में दो पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन), दो सीटें बिलावल भुट्टो की पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और एक मुत्ताहिदा मुजलिस-ए-अमल (एमएमए) को मिली।
नेशनल असेंबली में बहुमत साबित करने के लिए खान की पार्टी के पास 14 सीटें कम पड़ रही हैं, जिसके लिए उसे छोटी पार्टियों पर निर्भर रहना पड़ेगा। हालांकि 342 सीटों वाली नेशनल असेंबली में पीटीआई पहले ही 172 की संख्या का जादुई आंकड़ा पार करने का दावा कर चुकी है। इमरान खान 18 अगस्त को शपथ ग्रहण करने वाले हैं।