पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
दुनियाभर में आतंकवाद के अड्डे के तौर पर कुख्यात हो चुके पाकिस्तान ने चौतरफा दबाव के बाद आतंकी संगठनों पर एक और फौरी कार्रवाई करने का दिखावा किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार को 182 धार्मिक स्कूलों को अपने नियंत्रण में ले लिया है। इसके साथ ही प्रतिबंधित संगठनों के करीब 100 सदस्यों को हिरासत में लिया है।
इस पर पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई भारत के दबाव में नहीं बल्कि एक लंबी योजना का हिस्सा है। गौरतलब है कि 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले में हुए आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इसके बाद पाकिस्तान के ऊपर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ गया था। पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय ने मदरसों का हवाला देते हुए कहा, 'प्रांतीय सरकारों ने 182 मदरसों के प्रशासन और प्रबंधन को अपने नियंत्रण में ले लिया है।'
अलग-थलग पड़ रहा पाक
पुलवामा आतंकी हमले के बाद विश्व बिरादरी में पाकिस्तान अलग-थलग पड़ता जा रहा है। अमेरिका पहले ही पाक ने भारत में घुसपैठ के दौरान एफ-16 विमानों के इस्तेमाल पर रिपोर्ट मांग चुका है जबकि इस्लामिक सहयोग संगठन (आईओसी) में भारत की मौजूदगी के चलते पाक खुद शामिल नहीं हुआ। तीसरी तरफ पुलवामा हमले के मास्टर माइंड जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को लेकर अमेरिका, ब्रिटेन व फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में वैश्विक आतंकी घोषित कराने के लिए प्रस्ताव पेश किया है। हालांकि चीन ने इस प्रस्ताव पर चुप्पी साध रखी है।