पाकिस्तान ने मंगलवार को करतारपुर कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के साथ व्यापार व आर्थिक साझेदारी बढ़ाने के लिए ‘जरा हटकर’ समाधान निकालने की जरूरत है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री असद उमर ने कहा, लोगों को गरीबी से बाहर लाने और प्रगति व समृद्धि के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए अंतर-क्षेत्रीय व्यापार का महत्व बेहद जरूरी है।
यहां सतत विकास नीति संस्थान (एसडीपीआई) में 11 वें दक्षिण एशिया आर्थिक शिखर सम्मेलन (एसएईएस) में अपने संबोधन में उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार शांति और समृद्धि के संदेश को बढ़ावा देने के लिए करतारपुर कॉरिडोर जैसी पहलों को जारी रखेगी।
उन्होंने आगे कहा, हमें वास्तव में दोनों देशों के मध्य तनाव और टकराव के बीच क्षेत्रीय सहयोग के लिए ‘जरा हटकर’ समाधान निकालने की जरूरत है। हालांकि उमर ने इस दौरान भारत पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा, करतारपुर कॉरिडोर खोलने के बावजूद पाकिस्तानी सद्भावना के बारे में भारत की प्रतिक्रिया दुर्भाग्यपूर्ण रही।