पाकिस्तान में नई सरकार के गठन के लिए बुधवार को नेशनल असेंबली चुनावों के मतदान के दौरान आत्मघाती विस्फोट समेत भारी हिंसा में 35 लोग मारे गए, जबकि 67 गंभीर घायल हो गए। देर शाम शुरू हुई मतगणना के दौरान 272 सीटों में पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने 110 सीटों पर बढ़त बनाकर दबदबा बना लिया। उनके मुख्य विरोधी पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन भी 69 सीटों पर आगे थी। पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) 38 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर चल रही हैं।
देर शाम शुरू हुई मतगणना में नवाज शरीफ की पार्टी से मिल रही टक्कर
पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) 26 सीटों पर आगे चल रही थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पीपीपी इस चुनाव में ‘किंगमेकर’ की भूमिका अदा कर सकती है। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार 23 सीटों पर आगे चल रहे थे। आयोग के अनुसार, 24 घंटे के अंदर यानी बृहस्पतिवार शाम तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। बता दें कि पाकिस्तान में देश की सत्ता की बागडोर संभालने के लिए 172 सीट चाहिए।
इससे पहले बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के भूसा मंडी क्षेत्र में तामीर-ई-नोऊ एजुकेशन कॉम्पलेक्स स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र के बाहर पुलिस वैन के समीप इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आत्मघाती हमलावर ने बम विस्फोट कर दिया, जिसमें 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 घायल हो गए। मृतकों में 5 पुलिसकर्मी और 2 नाबालिग भी शामिल हैं।
ये मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित की गई एन-260 सीट का हिस्सा था। इसके अलावा अन्य घटनाओं में भी चार लोगों की मौत हो गई। देशभर में 85 हजार केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। नेशनल असेंबली की 272 सीटों और चार राज्य विधानसभाओं के लिए हो रहे चुनाव में मतगणना भी तत्काल शुरू करा दी गई थी।
भारी संख्या में उम्मीदवार
30 दलों ने नेशनल असेंबली चुनाव में उतारे हैं 3459 उम्मीदवार
8396 उम्मीदवार पंजाब, सिंध, बलूचिस्तान व खैबर-पख्तूनवा की विधानसभाओं के चुनाव में उतरे हैं
इन राज्य विधानसभाओं का चुनाव 577 सामान्य सीट के लिए हो रहा है