पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि वह भारत के साथ किसी भी प्रकार का युद्ध नहीं चाहती। लेकिन साथ ही चेतावनी भरे लहजे में यह भी कहा कि शांति की हमारी इस इच्छा को भारत कमजोरी नहीं समझे।
सीमा पर लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रही पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को यह बचकाना बयान जारी किया। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसिस पब्लिक रिलेशन्स (आईएसपीआर) के महानिदेशक मेजर जनरल आसिफ गफूर ने भारत पर इस साल अब तक 1077 बार संघर्षविराम उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
वह बोले, ‘शांति की हमारी इच्छा को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत की ओर से की जा रही फायरिंग का जवाब दे रहा है। हम 2003 में हुए संघर्षविराम समझौते का पालन कर रहे हैं, लेकिन भारत द्वारा हमारे नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। जिसके जवाब में हमें भी गोलियां चलानी पड़ रही हैं।