पाकिस्तान सरकार ने वैश्विक दबाव के बीच अपनी धरती से संचालित हो रहे आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी के तहत भारत में बड़ी आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने वाले संगठन जैश-ए-मोहम्मद के 44 सदस्यों को पाकिस्तान सुरक्षा बलों ने अपनी हिरासत में ले लिया है, जिनमें इस संगठन के मुखिया मसूद अजहर के दो भाई भी शामिल हैं।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री शहरयार खान आफरीदी ने यह जताने का प्रयास किया है कि जैश के खिलाफ यह कार्रवाई भारत के आग्रह पर की गई है। आफरीदी ने मीडिया को कार्रवाई की जानकारी देते हुए भारत की तरफ से सौंपे गए डोजियर का हवाला दिया।
आफरीदी ने कहा, भारत की तरफ से पिछले सप्ताह दिए गए डोजियर में भी मसूद अजहर के भाइयों मुफ्ती अब्दुर रऊफ और हम्माद अजहर का नाम भी शामिल था। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर जैश के आतंकी ने आत्मघाती हमला किया था, जिसमें 40 जवान मारे गए थे। इसके बाद भारत ने जैश के खिलाफ कार्रवाई के लिए डोजियर पाकिस्तान को सौंपा था, जिसका तमाम देशों ने समर्थन किया था।