पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ मुंबई हमले के मास्टरमाइंड और आतंकी संगठन जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद को देश के लिए ‘गंभीर खतरा’ बताकर पाकिस्तान के राजनीतिक दलों और धर्मगुरुओं के निशाने पर आ गए हैं।
विभिन्न दलों और धर्मगुरुओं ने उनकी निंदा करते हुए उन्हें ‘भारतीय भोंपू’ करार दिया है। रक्षा मंत्री ने रविवार को म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था, ‘सईद समाज के लिए गंभीर खतरा हो सकता है।
लिहाजा उसे देश के व्यापक हित में नजरबंद किया गया है।’ रक्षा मंत्री के इस बयान की पाकिस्तान की रक्षा परिषद के चेयरमैन मौलाना समीउल हक ने तीखी आलोचना करते हुए कहा कि ख्वाजा आसिफ को कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा अत्याचार का मसला उठाना चाहिए लेकिन वह जर्मनी में भारत के माउथपीस (भोंपू) बन गए।