स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर और बलूचिस्तान का मुद्दा उठाने से भड़के पाक ने अब मोदी का समर्थन करने वाले नेताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। पाकिस्तान में कई बलूच नेताओं के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मोदी का समर्थन करने के आरोप में बलूच नेता ब्रह्मदाग बुगती, हरबियार मारी और बनुक करीमा बलोच के खिलाफ पांच अलग अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पाकिस्तानी पुलिस के अनुसार मामले में मुनीर अहमद, मौलाना मुहम्मद असलम, मुहम्मद हुसैन, गुलाम यासीन जातक और मुहम्मद रहीम की ओर से की गई शिकायत में बलूच नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पाक का दावा, मोदी के भाषण पर हो रहा विरोध प्रदर्शन
- फोटो : getty images
पाकिस्तानी अखबार डॉन के अनुसार कार्यकारी जिला पुलिस अधिकारी खुजदार मुहम्मद अशरफ जातक ने बताया कि शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि बुगती, मारी और बलोच ने 15 अगस्त के दिन भारतीय प्रधानमंत्री का समर्थन किया।
शिकायतकर्ता अहमद के अनुसार बलूच नेताओं ने मोदी से पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक होने का आग्रह किया था। वहीं अखबार के अनुसार भारतीय स्वतंत्रता दिवस पर मोदी द्वारा दिए गए भाषण के विरोध में बलूचिस्तान में जोरदार विरोध प्रदर्शन हो रहा है। लोग डेरा बुगती, खुजदार, क्वेटा, चमन और राज्य के अन्य इलाकों में प्रदर्शन कर रहे हैं।
बलूचिस्तान के प्रधानमंत्री सनाउल्लाह जेहरी ने बीते सप्ताह अपने भाषण में आरोप लगाया था कि मोदी के भाषण से साफ हो गया है कि भारत सरकार बलूचिस्तान में चल रहे विरोध और विद्रोह को हवा दे रही है।
मोदी ने उठाई थी बलूचिस्तान में मानवाधिकार उल्लंघन की बात
- फोटो : ANI
बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से पाक अधिकृत कश्मीर, बलूचिस्तान और बालिस्तान में मानवाधिकार उल्लंघन की बात उठाई थी। उन्होंने कहा था कि मेरे प्रति बलूचिस्तान और बालिस्तान के लोगों द्वारा जताए गए समर्थन का मैं आभार व्यक्त करता हूं।
प्रधानमंत्री मोदी का यह बयान सामने आने के बाद से ही पाकिस्तान बिलबिला उठा है, उसनने बलूचिस्तान में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
इसी कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन करने वाले प्रमुख बलूच नेताओं के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं पाकिस्तान ने भारत पर अपने देश में उकसाने वाली गतिविधियों को समर्थन देने का आरोप भी लगाया है।