भारतीय सेना की शनिवार को कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में हिजबुल कमांडर सबजार अहमद भट की मौत से पाकिस्तान बौखला गया है।
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पाक ने आतंकी सबजार को शहीद बताया है। अखबार के अनुसार, पाक ने एक बार फिर विश्व समुदाय से आह्लान किया है कि वे भारत को 'कमजोर कश्मीरियों' की हत्या बंद करने के लिए कहे।
पाक के विदेश कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, 'विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने भारतीय सेना द्वारा पुलवामा और बारामूला में शनिवार को कश्मीर में 12 लोगों की हत्या की कड़ी निंदा की।'
विदेश कार्यालय ने बयान में कहा कि कश्मीर में जनसांख्यिकी बदलकर बहुसंख्यकों को अल्पसंख्यक बनाने की भारत की योजना को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के ध्यान में लाया गया है।
बयान में आरोप लगाया कि सीमा पर तनाव भारत की वजह से है ताकि निर्दोष कश्मीरियों के खिलाफ अपराधों को छुपाया जा सके। बयान में कहा गया कि हजारों लड़कियों और लड़कों सहित युवा कश्मीरियों के विद्रोह की वास्तविकता को छुपाने के लिए भारत इसे आतंकवाद से जोड़ने की कोशिश कर रहा है।