पाकिस्तान की ओर से
जम्मू-कश्मीर में
नियंत्रण रेखा पर की जा रही गोलाबारी के मुंहतोड़ जवाब से पाक में बौखलाहट है। सोमवार को उसने भारत के उप-उच्चायुक्त जेपी सिंह को बुलाकर सेना की ओर से की जा रही ‘बिना उकसावे वाली गोलाबारी’ के लिए विरोध जताया। पाक का कहना है कि इसमें उसके दो नागरिकों की जान गई है।
पाक विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पाक के महानिदेशक (दक्षिण एशिया और सार्क) मोहम्मद फैसल ने जेपी सिंह को बुलाकर भारतीय सैन्य बलों की ओर से की जा रही कार्रवाई की निंदा की। पाक का दावा है कि इस कार्रवाई में उसके दो नागरिक मारे गए हैं।
चार फरवरी को नेजापीर, निकियाल और कारेला सेक्टर में भारत की गोलाबारी से उसके दो नागरिकों रफाकत अली (18) और तसलीम बेगम (25) की मौत हो गई जबकि दो बच्चों समेत सात अन्य घायल हो गए। फैसल का दावा है कि भारतीय सेना नियंत्रण रेखा और सीमा पर रिहायशी इलाकों को निशाना बना रही है। भारत की ओर से भारी मोर्टार और स्वचालित हथियारों से गोलाबारी की जा रही है।