पाकिस्तान ने आतंकी गतिविधियों वाले 937 वेब पते और दस वेबसाइटों को ब्लॉक कर दिया है। यह सभी वेब पते प्रतिबंधित संगठनों की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे थे। इस कार्रवाई का मकसद आतंकियों का इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस्तेमाल से रोकना है। इसके अलावा देश में कट्टरपंथियों को रोकने के लिए 9.83 करोड़ से ज्यादा सिम ब्लॉक किए गए।
सूचना और तकनीक मंत्रालय ने नेशनल एक्शन प्लान के अंतर्गत यह कार्रवाई की है। 2014 में पेशावर में हुए बड़े आतंकी हमले के बाद 2015 में यह योजना बनाई गई थी। उस हमले में 150 लोग मारे गए थे, जिसमें से ज्यादातर बच्चे थे।
पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक इस साल अप्रैल में देश भर में जांच हुई, जिसमें पाया गया कि देश के 64 प्रतिबंधित संगठनों में से 41 संगठन फेसबुक पर मौजूद हैं। यहां उनके पेज, ग्रुप और प्रोफाइल हैं। इसमें विदेशी आतंकी और स्थानीय कट्टरपंथी से लेकर बलूचिस्तान और सिंध के अलगाव वादी भी शामिल हैं।
गृह मंत्रालय के अनुसार देश में कट्टरपंथी भाषण और सामग्री को रोकने के लिए 1351 केस रजिस्टर्ड हुए, 2525 लोग गिरफ्तार हुए और 70 दुकानें सील की गईं।