पाकिस्तानी सेना, सरकार के साथ मिलकर के आईसीजे में कुलभूषण जाधव के मामलें में अपना पक्ष रखेगी। पाकिस्तान रेडियो ने नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक के हवाले से जानकारी देते हुए कहा कि इस बारे में सरकार और सेना में सहमति बन गई है और दोनों के प्रतिनिधि हेग में इसकी पैरवी करेंगे।
जाधव को कहा आतंकी
जाधव को आतंकी बताते हुए सादिक ने कहा कि आतंकवादियों के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। सादिक ने कहा कि कई दल इस मामले में मिली हार को भी बढ़ा चढ़ाकर के पेश कर रहे हैं। सादिक ने कहा कि जाधव मामले में कानूनी राय लेने पर बात होनी चाहिए।
कानून रूप से होगा केस का खात्मा
कुलभूषण जाधव मामले में इंटरनेशनल कोर्ट से मुंह की खाने वाला पाकिस्तान किसी भी नीचता तक जाने के लिए तैयार बैठा है। ये पाकिस्तान के गृहमंत्री निसार अली खान ने साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि जाधव मामले को कानूनी नियमों से ही आगे बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के करीबी माने जाने वाले निसार ने कहा कि जाधव को कानूनी रूप में सजा सुनाई गई थी और अब इसका खात्मा भी कानूनी रूप में ही होगा।
निसार के इस बयान के बाद ऐसा माना जा रहा है कि अगर आईसीजे पाक के पक्ष में फैसला नहीं देता है तो फिर वो अपनी मनमानी कर सकता है। इससे पहले भी पाकिस्तान के कई बड़ी शख्सयितों ने विरोध में कहा था कि जाधव के मामले में पाक को आईसीजे नहीं जाना चाहिए था। उनकी दलील थी कि ये देश की आतंरिक सुरक्षा का मामला है, जिसे आईसीजे तय नहीं करेगा।
बता दें कि गुरुवार को आईसीजे ने भारत के पक्ष में फैसला देते हुए जाधव की फांसी पर रोक लगा दी। इससे बाद बौखलाए पाक ने दोबारा सुनवाई के लिए याचिका डाली और कहा कि वे फिर सबूत लेकर पेश होंगे।